मुंदड़ा ने संभाला रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर का कार्यभार
(India) सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रहे मुंदड़ा ने संपर्क किए जाने पर इसकी पुष्टि की। मुंदड़ा ने बताया कि उन्होंने आज ही कार्यभार संभाला है। अप्रैल में के. सी. चक्रवर्ती के सेवानिवृत्त होने के बाद रिजर्व बैंक के एक डिप्टी गवर्नर का पद रिक्त था। चक्रवर्ती ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा होने से दो माह पहले ही सेवानिवृत्ति ले ली थी। मुंदड़ा (60) केंद्रीय बैंक के चौथे डिप्टी गवर्नर होंगे। तीन अन्य डिप्टी गवर्नर हैं उर्जित पटेल, एच. आर. खान व आर. गांधी। चार डिप्टी गवर्नरों में से एक बैंकिंग क्षेत्र का होता है, एक अन्य अर्थशास्त्री व दो रिजर्व बैंक से ही होते हैं। रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन की अगुवाई वाली खोज समिति ने इस पद के लिए हालांकि सार्वजनिक क्षेत्र के 9 बैंकों के प्रमुखों का साक्षात्कार लिया था, लेकिन अंतिम सूची में सिर्फ दो नाम पंजाब नेशनल बैंक के चेयरमैन के आर कामत व मुंदड़ा ही बचे थे। रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर पद की दौड़ में बैंक ऑफ इंडिया के प्रमुख वी.आर. अय्यर, यूको बैंक के प्रमुख अरुण कौल, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के एस.सी. बंसल, इंडियन बैंक के प्रमुख टी.एम. भसीन, देना बैंक के मुखिया अश्विनी कुमार, इंडियन ओवरसीज बैंक के एम. नरेंद्र तथा केनरा बैंक के आर.के. दुबे भी शामिल थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।