अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया की विधानसभा ने 1984 के सिख विरोधी दंगे को ‘नरसंहार’ करार दिया है। विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर इस दौरान हजारों सिखों की हत्या, दुष्कर्म और प्रताड़ना के लिए भारत सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। इसमें कहा गया है कि सरकार और कानून प्रवर्तन अधिकारियों की इसे अंजाम देने में भूमिका थी और वे हत्याएं रोकने के लिए कोशिश करने में नाकाम रहे। सेकरामेंटो विधानसभा क्षेत्र के सदस्यों जिम कूपर, केविन मेककार्टी, जिम गैलेगर और केन कूली की ओर से यह प्रस्ताव लाया गया था। कूपर ने कहा कि 1984 में जो कुछ हुआ उसे बदला नहीं जा सकता। पर पीड़ितों के परिवार का विधानसभा में प्रतिनिधित्व करने के कारण वे महसूस करते हैं कि उन घटनाओं को लेकर उन्हें सच कहना चाहिए और हजारों पीड़ितों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के सिख इसके बारे में जानते हैं। कैलिफोर्निया में हम हमेशा असहिष्णुता के खिलाफ खड़े रहेंगे और 1984 की त्रासदी को भूलेंगे नहीं। अमेरिकन सिख पॉलिटकल कमेटी ने एक बयान जारी कर कहा है कि विधानसभा के पटल पर जिन अत्याचारों को नरसंहार बताया गया, उससे कई सिख परिवार, उनके घर और व्यवसाय तबाह हो गए थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।