उत्तराखंड: केदारनाथ धाम श्रद्धालुओं के लिए खुला,हजारों श्रद्धालुओं ने लगाए केदारनाथ के जयकारे
(India) शीतकाल में छह माह तक बंद रहने के बाद शुक्रवार सुबह केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
रुद्रप्रयाग जिले में ग्यारह हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग के कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

कड़ाके की ठंड के बावजूद अपार उत्साह से भरे श्रद्धालु 'बम-बम भोले' और 'जय बाबा केदार' के जयकारे लगा रहे थे।
इस अवसर पर भगवान शिव के धाम को देश-विदेश से लाए गए 108 क्विंटल विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया है।
30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए थे।

उत्तराखंड के चार धामों में से एक बद्रीनाथ धाम के कपाट रविवार को खुलेंगे और इसके साथ ही इस वर्ष की चार धाम यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। हर साल सर्दियों में कड़ाके की ठंड के कारण चारों धामों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं जो अगले साल अप्रैल-मई में श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाते हैं। मंदिर के कपाट छह महीने तक खुले रहते हैं और इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इन धामों में दर्शन के लिए आते हैं। पिछले साल करीब 48 लाख श्रद्धालुओं ने हिमालयी धामों के दर्शन किए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।