(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 51 हजार से अधिक लोगों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद रोजगार मेले के 15वें संस्करण को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए यह अभूतपूर्व अवसरों का समय है। उन्होंने डिजिटल तरीके से आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कहा है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हर क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि ऑटोमोबाइल और फुटवियर उद्योग में उत्पादन और निर्यात ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार सृजित हुए हैं। अपनी सरकार द्वारा किए गए परिवर्तनकारी बदलावों का हवाला देते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतर्देशीय जलमार्गों के जरिए माल ढुलाई की मात्रा 2014 के 18 मिलियन टन से बढ़कर 145 मिलियन टन हो गई है, जबकि राष्ट्रीय जलमार्गों की संख्या पांच से बढ़कर 110 हो गई है और उनकी लंबाई 2,700 किलोमीटर से बढ़कर 5,000 किलोमीटर से अधिक हो गई है। पीएम मोदी ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह रही है कि विकास समावेशी रहा है। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। मोदी ने कहा कि इस साल संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में शीर्ष पांच 'टॉपर्स' में से तीन महिलाएं हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि 90 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि इस दशक में युवाओं ने तकनीक, डेटा और इनोवेशन के क्षेत्र में भारत के उत्थान को गति दी है।
उन्होंने कहा कि देश 'रियल टाइम' डिजिटल लेनदेन में अग्रणी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुंबई में होने वाला विश्व ऑडियो-विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) भी युवाओं के लिए वैश्विक मंच पर अपने कौशल का प्रदर्शन करने का एक बड़ा अवसर होगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।