बीजेपी-शिवसेना गठबंधन टूटने की कगार पर,
(MAHARASHTRA, India) महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना गठबंधन टूटने की कगार पर पहुंच चुका है। बीते कुछ दिनों से दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर तल्‍खी काफी बढ़ गई। उधर, सूत्रों के अनुसार, बीजेपी के आला नेताओं ने शिवसेना के प्रस्‍ताव को ठुकरा दिया है। ऐसे में इस बात की संभावना बढ़ गई है कि 25 साल पुराना बीजेपी-शिवसेना गठबंधन बचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद टूट जाएगा। उधर, महाराष्‍ट्र में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। गठबंधन को लेकर अगले कदम के बारे में इस बैठक में फैसला लिए जाने की उम्‍मीद है। वहीं, शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्‍ट्र के स्‍वाभिमान के साथ समझौता नहीं करेंगे। हम चाहते हैं कि बीजेपी-शिवसेना गठबंधन बना रहे। महाराष्‍ट्र को कांग्रेस मुक्‍त बनाना चाहते हैं। शिवसेना बीजेपी का अलग होना आसान नहीं है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी गठबंधन के टूटने का ऐलान नहीं करेगी। बीजेपी 20 और 21 सितंबर को महाराष्ट्र विधानसभा के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की 20 और 21 सितंबर को दिल्ली में बैठक होनी है। वहीं, सीट बंटवारे के मुद्दे पर शिवसेना को बीजेपी का फॉर्मूला मंजूर नहीं है। बीजेपी और शिवसेना के बीच पिछले काफी समय से तकरार चल रही है। गुरुवार को भी बीजेपी और शिवसेना के नेता देर रात तक अलग-अलग सीट बंटवारे पर मंथन करते रहे। गुरुवार को बीजेपी ने शिवसेना को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। जिसके बाद शिवसेना ने बीजेपी का अल्टीमेटम ठुकरा दिया। पार्टी ने गठबंधन का फैसला उद्धव ठाकरे पर छोड़ा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।