कांग्रेस-एनसीपी के बीच सीट बंटवारे को लेकर गतिरोध बरकरार
(MAHARASHTRA, India) कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद पार्टी महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि हमने सभी सीटों पर चर्चा की। मिस्त्री हालांकि एनसीपी के साथ गठबंधन के मुद्दे को लेकर सवालों को टाल गए जो अब तक विधानसभा की 144 सीटों की अपनी मांग से पीछे हट नहीं रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस एनसीपी गठबंधन जारी रहेगा या नहीं, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रभारी महासचिव और आलाकमान साथ बैठेंगे और यह तय करेंगे कि गठबंधन को लेकर क्या करना है। मुझे कुछ पता नहीं है। गठबंधन को लेकर रहस्य को बरकरार रखते हुए उन्होंने कहा कि मुझसे सीटों के बारे में पूछिये गठबंधन के बारे में नहीं। इस सवाल पर कि कितने नाम तय हो गये हैं और उम्मीदवारों की पहली सूची कब जारी होगी उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि हम आपको बताएंगे। राकपा नेता प्रफुल्ल पटेल ने कल कहा था कि उनकी पार्टी 144 विधानसभा सीटों की अपनी मूल मांग पर कायम है और मुंबई में पार्टी की कोर कमिटी की बैठक में इस पर निर्णय होगा, जबकि महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष माणिक राव ठाकरे ने कहा था कि उनकी पार्टी अपनी सहयोगी को कुछ सीट देने को तैयार है, लेकिन यदि यह किसी खास संख्या पर अड़ी रहती है तो बात नहीं बन पाएगी। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने कल यहां महाराष्ट्र के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकाजरुन खड़गे के आवास पर बैठक की।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।