सऊदी अरब में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया। मक्का की मुख्य मस्जिद अल हरम में क्रेन गिर गई। इसकी चपेट में आने से 107 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 238 लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें नौ भारतीय हैं। हालांकि मरने वालों में किसी के भारतीय होने का पता नहीं चला है। हज अभी शुरू नहीं हुआ है। इसलिए भीड़ थोड़ी कम थी।हज 21 से 26 सितंबर के बीच होना है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक तेज आंधी की वजह से क्रेन गिरी। इससे मस्जिद की छत का एक हिस्सा ढह गया। इसलिए ज्यादा लोग मारे गए। मरने वाले किस देश के हैं, यह खुलासा नहीं हो पाया है। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक-हादसे के वक्त दुनियाभर से हज के लिए हजारों मुस्लिम यहां जमा थे। हादसे की वजह मौसम को माना जा रहा है। तेज आंधी के चलते क्रेन मस्जिद पर गिर गई। हादसे के थोड़ी देर बाद ही सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें आना शुरू हो गईं। कुछ तस्वीरों में क्रेन पर बिजली गिरती भी दिखाई गई। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने हादसे की स्पष्ट वजह नहीं बताई है। रेस्क्यू टीमें मलबे से घायलों को निकालने में जुटी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा-जेद्दा स्थित भारतीय काउंसलेट हालात पर नजर रख रहा है। अस्पतालों में भारतीय डॉक्टर भी घायलों की जानकारी जुटा रहे हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।