तेलंगाना सुरंग हादसा:  सात लापता श्रमिकों की तलाश जारी
(India) तेलंगाना में ढही एसएलबीसी सुरंग में फंसे सात लोगों की तलाश बुधवार को लगातार 26वें दिन भी जारी रही। इस अभियान में विभिन्न संगठनों के कर्मी सुरंग के अंदर गए और लापता लोगों के ठिकानों पर खुदाई की। अधिकारी बचावकर्मियों की संख्या बढ़ाकर संभावित मानवीय उपस्थिति के लिए चिह्नित 'डी1' और 'डी2' बिंदुओं पर तलाशी अभियान में तेजी लाने की कोशिश कर रहे हैं। रविवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि दक्षिण मध्य रेलवे, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), एसडीआरएफ, सरकारी खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज, खनिक और अन्य कर्मी आवश्यक उपकरणों की मदद से तलाशी अभियान में योगदान दे रहे हैं। बताया गया कि तलाशी अभियान में उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है। 22 फरवरी को एसएलबीसी परियोजना की सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद इंजीनियर और मजदूरों समेत आठ लोग इसमें फंस गए थे।
'टनल बोरिंग मशीन' (टीबीएम) ऑपरेटर के तौर पर काम करने वाले गुरप्रीत सिंह का शव 9 मार्च को बरामद किया गया था। उनका शव पंजाब में रहने वाले उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।