(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के आनंदपुर धाम जाएंगे। वहां वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आनंदपुर धाम ईसागढ़ तहसील के आनंदपुर गांव में स्थित है। यह अशोकनगर जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर और भोपाल से करीब 215 किलोमीटर दूर है। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब सवा तीन बजे ईसागढ़ में गुरु जी महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। पीआईबी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि एक घंटे बाद वह आनंदपुर धाम में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करेंगे। आनंदपुर धाम की स्थापना आध्यात्मिक और परोपकारी उद्देश्यों के लिए की गई है। विज्ञप्ति में बताया गया कि 315 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस गांव में 500 से अधिक गायों वाली आधुनिक गौशाला है और श्री आनंदपुर ट्रस्ट परिसर में कृषि गतिविधियां संचालित होती हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ट्रस्ट सुखपुर गांव में एक धर्मार्थ अस्पताल, सुखपुर और आनंदपुर में स्कूल और देश भर में विभिन्न सत्संग केंद्र चला रहा है। इससे पहले 23 फरवरी को उन्होंने छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम का दौरा किया था और अगले दिन प्रदेश की राजधानी भोपाल में 'ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' का उद्घाटन किया था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।