(India)
प्रयागराज के संगम तट पर मंगलवार-बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे भगदड़ मच गई। इसमें एक दर्जन से ज्यादा लोगों के मरने की खबर है। 50 से ज्यादा घायल हैं। हालांकि प्रशासन ने अभी तक मौतों के बारे में पुख्ता जानकारी नहीं दी है। भगदड़ के बाद प्रशासन के अनुरोध पर सभी 13 अखाड़ों ने आज मौनी अमावस्या का अमृत स्नान निरस्त कर दिया था। इसके बाद अखाड़ों ने बैठक की। इसमें तय हुआ कि अमृत स्नान 10 बजे के बाद किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक संगम नोज पर अफवाह के चलते भगदड़ मच गई। कुछ महिलाएं जमीन पर गिर गईं और लोगों ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद संगम तट पर 70 से ज्यादा एंबुलेंस पहुंच गईं। इनसे घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद संगम तट पर एनएसजी कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। संगम नोज क्षेत्र में आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया। भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए प्रयागराज शहर की सीमा से लगे सभी जिलों में श्रद्धालुओं का प्रवेश रोक दिया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।