प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर रेखा गुप्ता को बधाई दी
(India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक निर्वाचित रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’’ एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और श्री पंकज कुमार सिंह जी को भी बधाई। उन्होंने कहा, ‘‘इस टीम में जोश और अनुभव का खूबसूरत मिश्रण है और निश्चित रूप से यह दिल्ली में सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’ हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं।
इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री भी बन गई हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।