भारत कड़ाके की ठंड के चपेट में उत्तर भारत
(India)
पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड के चपेट में है। दूसरी ओर कोहरे ने कोहराम मचा रखा है। घने कोहरे ने ट्रेन, हवाई और सड़क यातायात को अस्तव्यस्त कर दिया है। इस वजह से काफी सड़क दुर्घटनाएं भी हुईं हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक दिन पहले कुछ जगहो ंपर हुई मावठ से कोहरे की स्थिति बनी है इससे बहुत जल्द निजात मिलने वाली नहीं है। लोगों को ठंड के साथ साथ कोहरे का कहर अभी और झेलना पड़ सकता है। इसके चलते दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया, जबकि एक दर्जन से अधिक ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। इनमें हावड़ा तक जाने वाली पूर्वा एक्सप्रेस, पटना तक चलने वाली संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस ट्रेन और कैफियात एक्सप्रेस भी शामिल हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर में कोहरा जरूर थमा है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते सर्दी बढ़ गई है। राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्लीवासियों को तापमान में राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रेलवे के अनुसार कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है। इसके कारण दिल्ली आने वाली ट्रेनें 4 से 15 घंटे तक की देरी से आ रही हैं। इससे पहले भी रेलवे ने ट्रेनों के प्रबंधन को बनाए रखने के लिए कुछ ट्रेनों को रद्द किया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।