UPITS 2026 में दिखी YEIDA की 25 साल की विकास यात्रा, Industrial Investment से Global City तक रोडमैप
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 25 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में प्रदर्शित किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो के हॉल नंबर-3 में लगाए गए YEIDA के स्टाल पर वर्तमान विकास परियोजनाओं के साथ भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं की भी झलक देखने को मिल रही है।

YEIDA के स्टाल पर वर्ष 2041 के प्रथम चरण के मास्टर प्लान का मॉडल प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। इसके जरिए प्राधिकरण के विभिन्न सेक्टरों, औद्योगिक क्षेत्रों और कनेक्टिविटी नेटवर्क को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी रखा गया है, जो क्षेत्र में विकसित हो रहे परिवहन और लॉजिस्टिक इकोसिस्टम को दर्शाता है।

स्टाल पर पोस्टरों के माध्यम से पिछले एक वर्ष में हुए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी जैसी परियोजनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।

भविष्य की योजनाओं में जापान सिटी सेक्टर-5ए, कोरियन सिटी सेक्टर-4ए, सिंगापुर सिटी सेक्टर-7, ताइवान सिटी सेक्टर-6, प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम सेक्टर-23डी, आईएसबीटी सेक्टर-23सी और सेक्टर-13 व 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब की योजनाएं भी स्टाल पर दिखाई जा रही हैं।

ट्रेड शो के पहले दिन औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने YEIDA के स्टाल का उद्घाटन किया और विकास मॉडल व प्रदर्शनी का अवलोकन किया। YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उद्योगपतियों से संवाद कर प्राधिकरण की परियोजनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार का स्वागत करते हुए विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया।

शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग एवं YEIDA के अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी स्टाल का भ्रमण किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार भी मौजूद रहे।

YEIDA का स्टाल ट्रेड शो में उद्योगपतियों, निवेशकों, मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रदर्शनी के जरिए प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश, औद्योगिक बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और प्रस्तावित परियोजनाओं की तस्वीर एक ही मंच पर प्रस्तुत की जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।