राजधानी में सर्दी का सितम जारी है। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को कोहरा कम रहा। नौ बजते-बजते धूप खिल गई, लेकिन सूर्यास्त बाद ठंडक फिर से बढ़ने लगी। इस वजह से लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल सकी। दिन का अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक-एक डिग्री कम 19.7 व 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।देश के उत्तरी हिस्से में जारी हाड़कंपाऊ ठंड के बीच मंगलवार को पहाड़ी प्रदेशों में बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो गया। मैदानी राज्यों में नश्तर चुभाने वाली तेज सर्द हवाओं ने अपना सितम जारी रखा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक-दो दिनों में बारिश के आसार हैं जिससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा। इसके अलावा सूर्य देवता और बादलों के बीच लुकाछुपी चलती रहेगी। पहाड़ों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड चरम पर है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पारा लगातार छठे दिन 0.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत में सोमवार रात जमकर पाला पड़ा। पंजाब का आदमपुर एक बार फिर सबसे ठंडा मैदानी इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में में सुबह कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। उत्तराखंड में चारधाम समेत चमोली, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग की ऊंची पहाड़ियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली। मैदानी क्षेत्रों में घटाएं उमड़-घुमड़ रही हैं, जिनके अगले 24 घंटों में बरसने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में कल्पा, काजा, डलहौजी की चोटियों पर ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। प्रदेश में पश्चिमी हवाओं का असर 11 जनवरी तक रहेगा। मौसम विभाग ने आठ व नौ जनवरी को प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। केलंग में सबसे कम -11.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जम्मू-कश्मीर में भी लोगों को हड्डियों को जमा देने वाली ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली। तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। लद्दाख प्रांत का कारगिल -19.0 डिग्री के साथ सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। पिछले कई दिनों की तरह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा यातायात के लिए खुला रहा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।