दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय हो गया है। दो दिन की देरी के बाद ये पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र से लेकर उत्तरी अरब सागर तक फैल चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर के शेष हिस्से, सौराष्ट्र और कच्छ, गुजरात के क्षेत्र और पश्चिमी राजस्थान तक पहुंच चुका है। इस हिसाब से ये अब पूरे देश में फैल चुका है। मौसम विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौर ने कहा कि मानसून की सक्रियता से कई तरह की चिंताओं से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि हालांकि आगे कुछ समस्याएं होंगी। क्योंकि दूसरे हिस्सों में मानसून देरी से पहुंचा है। दक्षिण प्रायद्वीप के कई क्षेत्रों में बुआई का समय निकल चुका है। इसलिये वहां आपात योजना पर ही काम होगा। मध्यप्रदेश में जहां सोयाबीन की फसल बोई गई है। वहां अब कुछ राहत मिलेगी। राठौर ने कहा कि हम किसी भी परिणाम पर पहुंचने से पहले एक सप्ताह जल्दी या देरी का फासला रखते हैं। राजधानी दिल्ली में गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों को गुरुवार को बारिश से बड़ी राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 36 दशमलव 8 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 28 दशमलव 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शहर में आर्द्रता का स्तर 78 से 57 प्रतिशत के बीच घटता बढ़ता रहा। मौसम विभाग ने 16 से 18 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी दी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।