यूपी और उत्तराखंड में सक्रिय है मानसून
(India)
पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दक्षिण पश्चिम मानसून पिछले 24 घंटे में पूरी तरह सक्रिय रहा और इस दौरान पूर्वाचल के अधिकांश इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हुई। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण शनिवार को कई प्रमुख मार्ग अवरूद्ध हो गए। उत्तराखंड राज्य आपदा केंद्र की सूचना के अनुसार ऋषिकेश, केदारनाथ मार्ग सिरोबगढ, अगस्त्यमुनि, फाटा और रामपुर में बारिश के बाद मलबा आने के कारण मार्ग अवरूद्ध हो गया है। गंगोत्री, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन और मलबा आने के कारण कई स्थानों पर अवरूद्ध हो गया है। देवीधार, ब्रहमखाल और जंगलचट्टी में भारी मात्रा में मलबा आया है। जिसे हटाने में कई दिन लग सकते हैं। चारधाम यात्रा में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने पहले ही रोक दी थी। प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल, कालेजों को भी बंद कराने के आदेश दिए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोडा, बागेश्वर तथा उधमसिंह नगर में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की हेै। राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण गंगा और अलकदनंदा के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर भी मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में धामपुर, बिजनौर में रिकार्ड 22 सेमी वर्षा हुई। इस दौरान नगीना में 20 सेमी, बिसवां और इलाहाबाद में दस-दस सेमी, पुरवा, उन्नाव में नौ सेमी, मवाना, मेरठ में आठ सेमी, बलिया में सात सेमी, मेरठ, नजीबाबाद, लखनऊ में छह-छह और कानपुर, देवबंद और बिजनौर में पांच-पांच सेमी बारिश रिकार्ड की गई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।