नेपाल में विस्फोट के बाद कोसी का जलस्तर बढ़ा, 8 जिलों में अलर्ट
(BIHAR, India) बाढ़ की आशंका को देखते हुए आठ जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया, ‘मलबे को हटाने में नेपाली सेना पूरी तरह से सफल नहीं हो पाई। भूस्खलन की वजह से जमा हुए मलबे के कारण भोटे कोसी नदी में पानी का बहाव रूक गया, जिसके कारण नदी का वह हिस्सा झील में परिवर्तित हो गया। सेना ने शनिवार शाम कम तीव्रता वाले कई विस्फोट किए जिससे हजारों क्यूसेक पानी प्रवाहित हुआ।’ भूस्खलन और भोटे कोसी में बनाया गया बांध कोसी के लिए शोक का प्रमुख कारण बन गया है। विस्फोट की यह कार्रवाई नेपाल के सिंधुपालचोक जिले के जुरे में की गई। यह जगह काठमांडो के उत्तर में बिहार-नेपाल सीमा से करीब 260 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। चौधरी ने बताया, ‘विस्फोट के बाद नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ जो प्रवाहित होता हुआ बिहार तक पहुंच गया। हमने कई जगहों पर कोसी नदी के जलस्तर बढ़ने की पहचान की है।’ मंत्री ने कहा कि भोटे कोसी में जलप्रवाह में आई रूकावट को दूर करने के लिए जुटे में अभी भी गतिविधियां जारी हैं और कोसी के जलस्तर में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। चौधरी ने बताया, ‘हमारी सूचना के मुताबिक, भोटे कोसी में करीब एक किलोमीटर तक अवरोध उत्पन्न हो गया है और नदी से इस अवरोध को हटाना एक मुश्किल काम है। नेपाल में अधिकारियों का हमारा दल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।’ नेपाल में शुक्रवार को हुए भूस्खलन के कारण पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा नदी में जा गिरा था जिसके कारण नदी का प्रवाह रूक गया और करीब 25 लाख क्यूसेक पानी जमा हो गया। नदी में मुक्त प्रवाह के लिए सरकार तब से विस्फोट के जरिए अवरोध दूर करने की कोशिश कर रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।