(Asind, Bhilwara)
हाडौती में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते अब हालत बिगडते जा रहे हैं। नदी नालें उफान पर हैं और निचली बस्तियों में एक बार फिर पानी भरने लगा है। संभागीय आयुक्त ने संभाग के सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं हाडौती में चंबल, कालीसिंध, पार्वती, परवन उजाड सहित चंबल की दूसरी सहायक नदीयों में उफान आने से आस-पास के इलाकों में खतरा मंडराने लगा है। कोटा बैराज से लगातार पानी की निकासी की जा रही है। आज तीन गेट खोलकर 20 हजार 505 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। जयपुर जिले के चाकसू स्थित कोथून बांध में रिसाव की सूचना से लोगों में हडकंप मच गया है। वही प्रशासन के हाथ पांव भी फूल गए हैं। ग्रामीणों में भी रिसाव की बात से अफरा-तफरी का माहौल है। कोथून बांध में तीन-चार स्थानों पर दरारे पडने के साथ बांध से पानी का रिसाव लगातार हो रहा है, जो एक बडे खतरे का संकेत माना जा सकता है। ग्रामीणों में बांध के बढते जलस्तर को देखकर भयव्याप्त है। मौके पर पहुंचे प्रशासन ने सिविल डिफेंस की मदद और ग्रामीणों के सहयोग से कोथून बांध के रिसाव को रोकने में पूरी तरह से जुटा है। मौके पर मौजद चाकसू तहसीलदार ने बताया कि अब स्थिति कन्ट्रोल में है। क्षेत्र में हाईअलर्ट के साथ माइक द्वारा आसपास के प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। वहीं कोटखावदा तहसील का पानी रविवार को लालसोट बाइपास को तोडकर निकाला गया। पानी श्यामपुरा बांधे से छोडा तो गया...लेकिन बारिश से बांध का जलस्तर बढ गया। इससे आगे स्थित गांव ठिकरिया मीणान् पर बाढ का संकट गहरा गया है। सबसे ज्यादा खतरा ठिकरिया मीणान् में बना हुआ है। यहां ठिकरिया बांध ओवरफलों चल रहा है। ऐसे में प्रशासन मौके पर डेरा डाले है। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सेना की टुकडी को भी तैनात रखा है। हालांकि अभी तक ग्रामीणों के पलायन की स्थिति नही आई है। एनडीआरएफ व सिविल डिफेंस के लोग टूटी सडकों से लोगों को एक-दूसरे छोर तक पहुंचा रहे हैं। वही कोटखावदा समेत आसपास के क्षेत्र में स्थित मकानों अभी भी बारिश का पानी भरा हुआ है। भीलवाड़ा जिले के बिजौलियां क्षेत्र में चल रही बरसात ने क्षेत्रवासियों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 360 एम.एम बारिश दर्ज की गई है । लगातार बारिश से नगर के मंडोल डेम की 300 फीट लम्बी दीवार ढह गई। दीवार के ढह जाने से बांका गांव तक पानी पहुंच गया है। तेज बरसात से नगर की छाई बाई की पुलिया भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया मे जगह-जगह दरार पड़ जाने से इसके टूटने का अंदेशा बढ़ गया है। क्षेत्र में प्रशासन की ओर से भीलवाड़ा नगर परिशद सीईओ रामपाल शर्मा के साथ उपखंड क्षेत्र के नदी- नालो का निरिक्षिण किया जा रहा है। पिछले 24 घंटो मे हुई जोरदार बारिश से मंडोल बांध पर 4 फीट की चादर चल रही है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।