लगातार पानी की आवक के चलते बीसलपुर बांध के खोल गए तीन गेट
(Deoli, Tonk) बीसलपुर बांध का तीन गेट खोल दिए गए हैं। निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं बारां में भी बाढ़ के हालात है। जयपुर जिले के चाकसू में बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटी जा रही है। सवाईमाधोपुर में भी बांधों का जलस्तर बढ़ गया है। जयपुर एवं ख्वाजा नगरी अजमेर को पेयजल आपूर्ति करने वाले बीसलपुर बांध छलकने के स्तर पर पहुंच गया है। जिसके बाद लगातार बढ़ते जलस्तर के तहत जिला प्रशासन ने बीसलपुर बांध के तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा। फिलहाल केवल तीन गेट खोलकर कम पानी छोड़ा गया है। लेकिन लगातार पानी की आवक के चलते आज शाम तक फिर गेट खोलकर पानी छोड़ने की संभावना बनी हुई है। बीसलपुर बांध नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह बांध का जलस्तर बढ़ कर 315.38 आरएल मीटर हो गया था। इस बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का दौर थम जाने से खारी, त्रिवेणी और बनास नदी में पानी की आवक कम हुई। लेकिन पानी का स्तर लगातार जारी होने से बीसलपुर का स्तर बढ़ रहा है। बीसलपुर की भराव क्षमता 315.50 मीटर है। वही जिला प्रशासन ने आसपास के 60 से अधिक गांवों में अलर्ट भी जारी किया है। बांध के लिए तैनात सहायक अभियंता नरेन्द्र सिंह माथुर ने बताया कि बांध में बढ़ते जल स्तर के चलते डूब क्षेत्र के गांवों और क्षेत्रों को सतर्क किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।