उत्तराखंड में बारिश का कहर, कई जिलों में लैंडस्लाइड; बद्रीनाथ हाईवे बंद, यात्री फंसे
(UTTARANCHAL, UTTARANCHAL) उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण शनिवार को पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आईं। सबसे अधिक नुकसान पौड़ी जिले में हुआ, जहां गुमखाल-सतपुली मार्ग पर चलती पिकअप पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक समय रहते वाहन से उतर गया, जिससे उसकी जान बच गई।

रुद्रप्रयाग में सिरोबगड़ के पास बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मार्ग बंद होने से करीब 800 से 1000 यात्री और स्थानीय लोग फंस गए। प्रशासन ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया।

चमोली जिले के नारायणबगड़ में एनएच-109 (कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग) का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। इसके अलावा जिले की एक दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़कें भी बंद हो गईं। उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण यात्रा प्रभावित हो रही है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

रामनगर में भारी बारिश के चलते तिलमट मंदिर के पास बरसाती नाला उफान पर आ गया, जिससे भंडारपानी मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा और नैनीताल में रुक-रुककर बारिश जारी है। हरिद्वार के रुड़की में जलभराव के दौरान एक बुलेट सवार युवक खुले नाले में गिर गया, लेकिन उसने कूदकर अपनी जान बचा ली। बाद में जेसीबी की मदद से उसकी बाइक को नाले से बाहर निकाला गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।