नगीना की प्रसिद्ध काष्ठ कला को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। वुडन हैंडीक्राफ्ट क्षेत्र में रोहित कुमार की आरके हैंडीक्राफ्ट, विक्रम सिंह चौहान की श्री जी क्राफ्ट और तारिक अब्दुल्ला की हैंडओवर इंटरनेशनल द्वारा नक्काशीदार लकड़ी के हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा स्टोन हैंडीक्राफ्ट में अंकिता राजपूत की मलिहार और शमीम अख्तर के नेतृत्व वाली नगीना क्राफ्ट डेवलपमेन्ट सोसाइटी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगी।
टेक्सटाइल क्षेत्र में मो. फैज की ए टू एफ टेक्सटाइल द्वारा हैंडलूम और टेक्सटाइल फैब्रिक्स का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, आधुनिक कॉस्मेटिक और लाइफस्टाइल बाजार को ध्यान में रखते हुए सलीम अहमद की हेयर फैशन इंडिया प्रीमियम हेयर विग की रेंज पेश करेगी।
खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी बिजनौर की पहचान प्रदर्शित होगी। वासुदेव सिंह की वीएस ग्रुप की ओर से विदुर हर्बल टी पेश की जाएगी। विजेन्द्र कुमार की क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड द्वारा व्हाइट बीटरूट जैगरी यानी चुकंदर से बना गुड़ और साइलेज प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं नवनीत कुमार की चतुर्वेदी फूड प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बतीसा, सोहनपापड़ी और खस्ता गजक जैसे पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।
UPITS 2026 के जरिए बिजनौर के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को संस्थागत निवेशकों, कॉर्पोरेट खरीदारों और विदेशी व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के साथ सीधे B2B संवाद का अवसर मिलने की बात कही गई है। इससे पारंपरिक काष्ठ और स्टोन शिल्प के साथ कृषि-खाद्य प्रसंस्करण और हथकरघा क्षेत्र से जुड़े उद्यमों को बाजार विस्तार और रोजगार के नए अवसर मिलने की संभावना है।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, बिजनौर के उपायुक्त उद्योग अमित कुमार ने कहा कि UP International Trade Show पारंपरिक दस्तकारों, आधुनिक उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मंच है। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य चयनित इकाइयों को बड़े निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ना तथा व्यापारिक समझौतों के अवसर तैयार करना है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।