वरुण विहार-नैमिष नगर के किसानों ने सराहा मुआवजा, कमलेश को ₹2.80 करोड़ तो ओम प्रकाश को ₹1.96 करोड़
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की वरुण विहार एवं नैमिष नगर योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान योजना के लिए भूमि देने वाले किसानों और लाभार्थी परिवारों ने मुआवजा प्रक्रिया को पारदर्शी बताया। किसानों के अनुसार प्राप्त धनराशि का इस्तेमाल उन्होंने दूसरी जगह जमीन खरीदने, मकान बनाने और बच्चों की पढ़ाई के लिए किया है।

ग्राम दोना के मुलेश्वर सिंह ने बताया कि वरुण विहार योजना के अंतर्गत उनकी जमीन ली गई है और उन्होंने अपनी सर्वसम्मति से जमीन दी। मुआवजे के रूप में मिली राशि से उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर जमीन खरीदी है। वहीं ग्राम रेवरी की रामदेई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि योजना में उनकी जमीन गई और उन्हें अच्छा मुआवजा मिला।

ग्राम दोना के किसान कमलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने वरुण विहार योजना के लिए अपनी एक हेक्टेयर जमीन सहमति से एलडीए को दी, जिसके बदले उन्हें 2 करोड़ 80 लाख रुपये का मुआवजा मिला। उन्होंने बताया कि इस राशि से उन्होंने उन्नाव जिले में जमीन खरीदी और मकान बनवाया। कमलेश कुमार ने कहा कि योजना से उनके क्षेत्र और गांव के विकास को भी गति मिल रही है।

बख्शी का तालाब निवासी सुषमा सिंह ने बताया कि कमलाबाद स्थित उनकी जमीन नैमिष नगर योजना के अंतर्गत एलडीए को दी गई। उनके अनुसार उन्हें 2 करोड़ 90 लाख रुपये का मुआवजा पारदर्शी तरीके से प्राप्त हुआ और उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।

नैमिष नगर योजना की लाभार्थी नमरा फातिमा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की है और नीट की तैयारी कर रही हैं। ग्राम सैदापुर स्थित उनकी जमीन एलडीए को दी गई, जिसके बदले उन्हें 70 लाख 58 हजार रुपये एकमुश्त डीडी के माध्यम से मिले। उन्होंने बताया कि बिना किसी कठिनाई के मिली इस राशि से उन्होंने जमीन खरीदी है और भविष्य में यह धनराशि उनकी मेडिकल की पढ़ाई में काम आएगी। उन्होंने कहा कि योजना से क्षेत्र में रोजगार और आवासीय सुविधाओं के विस्तार तथा विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

बक्शी का तालाब के ओम प्रकाश अवस्थी ने नैमिष नगर योजना के तहत करीब डेढ़ बीघे से अधिक जमीन दी, जिसके बदले उन्हें 1 करोड़ 96 लाख रुपये मिले। उन्होंने बताया कि मुआवजा प्रक्रिया के दौरान उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उनके अनुसार संकल्प पत्र भरने के करीब 15 दिन बाद फोन कर रजिस्ट्री के लिए बुलाया गया और इसके बाद डीडी के माध्यम से राशि मिली। अगले दिन पैसा उनके बैंक खाते में पहुंच गया। ओम प्रकाश अवस्थी ने बताया कि मुआवजे से उन्होंने सीतापुर के बिसवां रोड पर 16 बीघे जमीन खरीदी और शेष राशि बैंक में जमा कर दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सरकार की प्रक्रिया के लिए धन्यवाद दिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।