केदारनाथ के रास्ते को तैयार करने का काम जारी
(India)




केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले पैदल मार्ग को तैयार करना अफसरों के लिए चुनौती बना है। हालांकि पैदल मार्ग पर लगातार काम चल रहा है, किंतु पैदल मार्ग में पड़े ग्लेशियर काटकर रास्ता बनाने में काफी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इस बार केदारनाथ यात्रा के लिए सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक हाईवे को ठीक कर दिया गया है। यहां उम्मीद जतायी जा रही है कि गौरीकुंड तक वाहन जा सकेंगे। गौरीकुंड से 17 किमी पैदल मार्ग में कई स्थान खतरनाक हैं। यहां से सामान केदारनाथ पहुंचने में अफसरों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। यही नहीं जल संस्थान के साथ ही पूर्ति, जीएमवीएन, बीकेटीसी आदि विभागों को सामान पहुंचाने में दिक्कतें हो रही हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग में अभी रहने और खाने की व्यवस्थाएं भी नहीं हैं, जिस कारण एडवांस टीमें केदारधाम पहुंचकर व्यवस्थाएं जुटा रही हैं। पैदल मार्ग पर रामबाड़ा तक डीडीएमए काम कर रहा है। कई स्थानों पर ग्लेशियर टूटे हैं बर्फ काटने में जोखिमों के बीच काम करना पड़ रहा है। हालांकि लिंचैली से केदारनाथ तक नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने मार्ग को बेहतर बनाया है, किंतु कई स्थानों पर बर्फ के बीच जाने में फिसलन है जिस कारण यात्रा तैयारियों में अफसरों को दिक्कतें आ रही हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।