सिंहस्थ-कुम्भ में आंधी-बारिश से सैंकड़ों तम्बू गिरे
(India)
मध्य प्रदेश की ऐतहासिक नगरी उज्जैन में चल रहे हिन्दुओं के सबसे बड़े धार्मिक समागम सिंहस्थ-कुम्भ मेले के दौरान गुरुवार शाम यहां बिजली गिरने, आंधी, और तेज बारिश से सैकड़ों अस्थाई तम्बू गिर गये और मेला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इससे सात लोगों की मौत हो गई और 90 अन्य घायल हो गए। उज्जैन संभागायुक्त रविन्द्र पस्तौर ने भाषा को बताया, मेला क्षेत्र में सात लोगों की मौत हो गई और लगभग 90 लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक मनोहर वर्मा ने बताया, उज्जैन के उंडासा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीएस चैहान ने बताया कि तेज हवाओं से मेला क्षेत्र में तीर्थयात्रियों के करीब 30 प्रतिशत अस्थाई तम्बू उखड़ गये हैं। इन्हें फिर से लगाने में करीब एक सप्ताह का वक्त लगेगा। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक तेज आंधी से मेला क्षेत्र में लगे कई पंडालों और शिविरों के भव्य प्रवेश द्वार भी गिर गए। उज्जैन में प्रकृति का यह असामयिक प्रकोप यहां चल रहे सिंहस्थ कुम्भ मेले के नौ मई को होने वाले दूसरे शाही स्नान से तीन दिन पहले हुआ है। इस बीच, मेला क्षेत्र में उखड़े तम्बूओं से लोगों को निकालने और तम्बूओं का मलबा हटाने का राहत कार्य तेजी से किया जा रहा है, जबकि बारिश की वजह से मेला क्षेत्र में भारी कीचड़ से राहत कार्यों के संचालन में परेशानी हो रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।