अलगाववादी नेताओं ने रात अनंतनाग जिले में अमरनाथ श्रद्धालुओं पर आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए कहा कि घटना कश्मीरी संस्कार के खिलाफ है। एक संयुक्त बयान में अलगाववादी हुर्रियत नेता सैयद अली गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और यासिन मलिक ने सात अमरनाथ यात्रियों के मारे जाने पर शोक प्रकट किया। इसमें कहा गया, घटना कश्मीरी परंपरा के बिल्कुल विपरीत है। अमरनाथ यात्रा सदियों से शांतिपूर्ण तरीके से चलती रही है और यह सालाना आयोजन और रहेगा।
जानकारी के मुताबिक दो हमलावर बाइक पर आए थे। आतंकवादियों ने पहले पुलिस की बख्तरबंद गाड़ी पर हमला किया। जब पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की तो आतंकवादी अंधाधुंध गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। अमरनाथ यात्रियों से भरी एक बस सोनमर्ग से आ रही थी। श्रद्धालु अमरनाथ गुफा के दर्शन करके वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने बस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। हमले के बाद एहतियात के तौर पर जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद कर दिया गया है।
मरने वाले सभी श्रद्धालु गुजरात के रहने वाले हैं। बस का नंबर जीजे 09 जेड 9976 है। बस में 17 यात्री सवार थे। पुलिस ने दावा किया कि बस चालक ने तीर्थयात्रा के नियमों का उल्लंघन किया क्योंकि रात सात बजे के बाद किसी यात्रा वाहन को राजमार्ग पर चलने की अनुमति नहीं होती। पुलिस का कहना है कि आतंकियों के निशाने पर अमरनाथ यात्री नहीं थे। हमला सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाकर किया गया। लेकिन बस के साथ कोई सुरक्षा काफिला नहीं था।
इस बार अमरनाथ यात्रा 29 जून को आरंभ हुई थी और 7 अगस्त तक चलेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तीर्थयात्रा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए राज्य सरकार की मदद हेतु 40,000 अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षाबलों की तैनाती की है। सुरक्षाबल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन, बुलेटप्रूफ मोबाइल बंकर सहित अन्य उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बता दें किसुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही अमरनाथ यात्रा पर आतंकी खतरे को लेकर आगाह किया था।
26 जून 2017 को कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक ने एक बेहद गोपनीय चिट्ठी के बारे में बताते हुए महकमे को अलर्ट किया था। इस चिट्ठी में कहा गया था कि आतंकवादियों ने अमरनाथ की यात्रा में विघ्न पैदा करने की फिराक में है। वे यात्रियों पर हमला कर कम से कम 100-150 लोगों को हताहत करना चाहते हैं। इस चिट्ठी में पुलिस के जवानों-अफसरों को भी बड़े पैमाने पर निशाना बनाने की बात की गई है। चिट्ठी में कहा गया था कि ऐसे हमले से देशभर में सांप्रदायिक दंगे शुरू हो जाएंगे और इससे देश विरोधी तत्वों को फायदा होगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।