(India)
बसंत पंचमी को पड़ने वाले कुंभ मेले के तीसरे और आखिरी शाही स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आज प्रयागराज में जुट रही है। त्रिवेणी संगम के तट पर रविवार तड़के से ही लोगों का जुटना शुरू हो गया है। बसंत पंचमी के दिन संगम में स्नान का विशेष महत्व है। योगी सरकार ने आस्था के इस महापर्व पर जुटने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सरकार का अनुमान है कि आखिरी शाही स्नान के मौके पर करीब 3 करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंच सकते हैं। परंपरा के मुताबिक, आज सबसे पहले श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी शाही स्नान करेगा। उसके साथ श्री पंचायती अटल अखाड़ा भी स्नान करेगा। दोनों अखाड़े अपने सेक्टर 16 स्थित शिविर से 5:15 बजे शाही जुलूस के साथ निकलेंगे। 6:15 बजे संगम के शाही स्नान घाट पर पहला शाही स्नान महानिर्वाणी अखाड़ा ही करेगा। उसके साथ अटल अखाड़ा भी रहेगा। दूसरे क्रम में श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा और तपोनिधि श्री पंचायती आनन्द अखाड़ा 7:05 बजे शाही स्नान करेगा। जिसके बाद श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, श्री पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा और श्री शंभू पंच अग्नि अखाड़ा सुबह 8 बजे एक साथ शाही स्नान करेंगे। इसके बाद बैरागी अखाड़ों के शाही स्नान का क्रम शुरु होगा। इसमें सबसे पहले अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा 10:40 बजे शाही स्नान करेगा। उसके बाद अखिल भारतीय श्री पंच दिगम्बर अनी अखाड़ा 11:20 बजे और अखिल भारतीय पंच निर्मोही अनी अखाड़ा 12:20 बजे शाही स्नान करेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।