वृक्ष कथा और कीर्तन के बाद निकली अनूठी बिंदोरी
(Jaipur, Jaipur) जयपुर। बैंड बाजे की धुन पर नाचते विद्यार्थी.. पर्यावरण संरक्षण के नारे लगाते हुए समाज के लोग और मंगल गीत गाती हुए महिलाएं... यह दृश्य था आज मुरलीपुरा के किशोर नगर और गणेश नगर में। यहां वृक्ष कथा, कीर्तन और वृक्ष बिंदोरी का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में इन दिनों अनेक नवाचार हो रहे हैं। ऐसा ही यह विशेष नवाचार देखने को मिला मुरलीपुरा स्थित संस्कृति चिल्ड्रंस एकेडमी में। वृक्ष बिंदोरी निकालने के बाद बिंदोरी में आए हुए लोगों को जुहारी के रूप में पेड़ पौधे तथा कपड़े के थैले वितरित किए गए।

यहां आयोजित वृक्ष कथा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस तथा राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य अशोक गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में जन-जन को पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने की आवश्यकता है। प्रसिद्ध पर्यावरणविद् अशोक शर्मा ने वृक्ष कथा के माध्यम से संदेश दिया कि भगवान की पूजा वास्तव में पंच महाभूतों की पूजा है। भूमि, गगन, वायु अग्नि और नीर की पूरी जानकारी ही सच्चे अर्थों में पूजा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रकृति के संदर्भ में अनेक गीत भी हुए, जिन पर कार्यकर्ता नाचते झूमते नजर आए। वृक्ष कथा और कीर्तन के पश्चात मुरलीपुरा के किशोर नगर, गणेश नगर में वृक्ष बिंदोरी निकाली गई। बिंदोरी में आगे बैंड बाजे वाले चल रहे थे, उनके पीछे अनेक विद्यार्थी, महिलाएं तथा समाज के प्रतिष्ठित लोग चल रहे थे। बिंदोरी के दौरान अनेक स्थानों पर नाचते गाते मंगल गीत गाते लोगों का स्वागत भी किया गया। तत्पश्चात वृक्ष आरती की गई। वृक्ष आरती के पश्चात सभी लोगों ने अधिकाधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान एसीपी मानक चौक हेमंत जाखड़ ने कहा कि वृक्ष कथा का कार्यक्रम ईश्वर की सच्ची कथा का कार्यक्रम है। कार्यक्रम में भाग ४ प्रचारक भगत सिंह जी , प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जोगेश्वर, पार्षद राधेश्याम शर्मा, पार्षद सुरेश जांगिड़, पार्षद शैलेंद्र शर्मा, कौशल शर्मा, बुद्धकरण परसरामपुरिया, भवानी निकेतन मंडल अध्यक्ष मोहन अग्रवाल, विवेकानंद शर्मा, एडवोकेट सुदेश सैनी, संस्कृति चिल्ड्रंस एकेडमी के निर्देशक आयुष शर्मा, शंकर जोशी, कैप्टन शीशराम, मनमोहन शर्मा, अशोक दाधीच, विक्रम सिंह रूंडल, महेश स्वामी, कविता शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के भाग संयोजक महेश स्वामी ने आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।