मसूद अजहर पर पाकिस्तान का बड़ा एक्शन,इनाम बढ़ाकर 70 लाख
(International) पाकिस्तान ने जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर पर कार्रवाई करते हुए उसके सिर पर घोषित इनाम बढ़ाकर 70 लाख पाकिस्तानी रुपये कर दिया है। पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (FIA) की नई रेड बुक में अजहर को भगोड़ा घोषित किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह कदम अक्टूबर में होने वाली FATF की बैठक से पहले उठाया गया है। FIA ने पहले घोषित इनाम में 20 लाख पाकिस्तानी रुपये की बढ़ोतरी की है। 2021 में अजहर पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का इनाम रखा गया था।
मसूद अजहर लंबे समय से आतंकवाद और आतंकी फंडिंग से जुड़े मामलों में अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसियों के निशाने पर रहा है। पाकिस्तान को पहले FATF की निगरानी सूची में रखा जा चुका है और अक्टूबर में FATF की बैठक प्रस्तावित है। ऐसे में अजहर के खिलाफ कार्रवाई को पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार,मसूद अजहर पहली बार 1994 में भारत आया था, जहां उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद यात्रियों की रिहाई के बदले उसे छोड़ा गया और वह पाकिस्तान पहुंच गया।
इसके बाद उसका नाम कई आतंकी घटनाओं और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी गतिविधियों में सामने आया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी सूची में शामिल कराने के प्रयासों में चीन ने कई बार अड़चन डाली थी।
रिपोर्ट के मुताबिक,ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर में भारतीय कार्रवाई में मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य मारे गए थे। इसके बाद अजहर से जुड़ी गतिविधियों और पाकिस्तान की ओर से उस पर की जा रही कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।